रायपुर में शादी समारोह में मेहमान बनकर चोरी, VIDEO:स्टेज पर फोटो क्लिक कराते रहे लोग; पीछे से टेंट काटकर शगुन का बैग-कैश ले गए

रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में एक शादी समारोह के दौरान चोरी हुई है। दो युवक मेहमान बनकर शादी समारोह में पहुंचे फिर शगुन का बैग और चांदी की मूर्तियां चुरा लीं।

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लाल शर्ट पहने आरोपी चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। वारदात गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में हुई, और आरोपियों ने टेंट का कपड़ा काटकर चोरी को अंजाम दिया।

दरअसल, शादी समारोह में वीडियोग्राफर द्वारा शूट किए गए वीडियो में यह पूरी घटना कैद हो गई। पुलिस की जांच-पड़ताल के बाद आरोपियों की पहचान हुई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

स्टेज के पीछे से चोरी की

पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर को गुढ़ियारी इलाके में स्थित ओशो भवन मैरिज गार्डन में राजपूत परिवार के यहां शादी थी। तभी रायपुर के ही रहने वाले अज्ञात लोग शादी में पहुंचे और स्टेज के पीछे से सामानों और कैश की चोरी कर ली।

इस दौरान सभी शादी में व्यस्त थे। लोग स्टेज पर पहुंचकर फोटो क्लीक करवा रहे थे। तभी पीछे से आरोपी इस घटना को अंजाम दे रहे थे। बाद में जब घर वालों को सामान गायब मिला तो थाने पहुंचे।

शिकायत के बाद आरोपी पकड़ाए

शिकायतकर्ता नितेश राजपूत ने गुढ़ियारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 नवंबर को उसके साले के विवाह समारोह के दौरान उसकी पत्नी का पर्स गायब हो गया, जिसमें कैश, मोबाइल और गिफ्ट रखे थे।

शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान रायपुर के चूना भट्‌टी निवासी नवीन मानिकपुरी उर्फ लल्ला मानिकपुरी (19 वर्ष) निवासी नर्मदापारा और किशन साहू (21 वर्ष) के रूप में हुई है।

इस तरह पुलिस ने पकड़ा

गुढ़ियारी थाना प्रभारी बीएल चंद्राकर ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर ओशो भवन और आस पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के रिकॉर्डिंग की जांच की गई। सीसीटीवी कैमरों के अलावा शादी समारोह को रिकॉर्ड करने पहुंचे वीडियोग्राफर की रिकॉर्डिंग खंगाली।

वीडियो ग्राफर की रिकॉर्डिंग में एक आरोपी वारदात करते हुए दिखा। इस फुटेज के आधार पर जांच शुरू की तो आरोपी का रिकॉर्ड मिला। रिकॉर्ड के आधार पर मुखबिर एक्टिव किए और आरोपियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल कर लिया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की चांदी की मूर्ति, बिछिया, 14,600 कैश, मोबाइल और पर्स सहित कुल करीब 60,000 का माल बरामद किया है।