सुपौल में तीन बच्चों के सिर से उठ गया मां का साया, फोन पर कहती रही भैया मुझे बचा लीजिए…

सुपौल: जिले में हृदयविदारक घटना हुई है. इस घटना में तीन मासूम बच्चे अनाथ हो गए है. वहीं घटना को लेकर इलाके में सनसनी फैल गई है, पुलिस स्थल पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई है, इतना ही मृतका के स्वजनों का रो-रोक कर बुरा हाल बना है.
दरअसल आपको बता दें कि राघोपुर थाना क्षेत्र के रामविशनपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 7 एक 35 वर्षीय महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों का जामबाड़ा हो गया. मृतका की पहचान सुंदर मुखिया की पत्नी कौशल्या देवी के रूप में हुई है. मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है.
घटना के संदर्भ में जानकारी देते हुए मृतका के भाई शंकर मुखिया ने बताया कि उनकी बहन कौशल्या ने उन्हें फोन किया था. फोन पर वह काफी डरी हुई और रो रही थी. शंकर के अनुसार, कौशल्या ने बताया था कि उसका पति, सास, भैसुर और परिवार के कुछ अन्य सदस्य मिलकर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं. कहा कि मेरी बहन ने फोन पर चीखते हुए कहा था कि आप जल्दी आ जाइए, वरना ये लोग मुझे जान से मार देंगे. मुझे अंदाजा नहीं था कि वह हमसे आखिरी बार बात कर रही है. शनिवार की सुबह जब शंकर और अन्य परिजन आनन-फानन में रामविशनपुर स्थित कौशल्या के घर पहुंचे, तो वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गए. कौशल्या का निर्जीव शरीर घर में पड़ा था.
परिजनों का आरोप है कि फोन पर मिली धमकी को ससुराल वालों ने हकीकत में बदल दिया और रात भर प्रताड़ित करने के बाद उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद से ही मृतका का पति सुंदर मुखिया घर छोड़कर फरार है, जिससे शक की सुई गहरा गई है. इस हृदयविदारक घटना ने तीन मासूम बच्चों को अनाथ कर दिया है. मृतका का सबसे बड़ा पुत्र, 10 वर्षीय गौतम कुमार अपनी मां के शव के पास बैठकर बिलख-बिलख कर रो रहा है. उसकी आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे.
वहीं 5 वर्षीय शौरभ एवं 3 वर्षीय रोशन मां के शव से लिपट कर मानो कुछ मांग रहे है, लेकिन उसे पता नहीं की उनकी मां इस दुनिया से चले गए है, और पिता के फरार होने के बाद इन अबोध बालकों के भविष्य पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है. सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है और विभिन्न पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.











