पहली ही तेज बारिश में रायपुर रेलवे स्टेशन की खुली पोल, प्लेटफॉर्म पर टपकी छत और अंडरब्रिज में भरा पानी

मानसून की पहली तेज बारिश ने ए-1 श्रेणी के रायपुर रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। शनिवार शाम हुई जोरदार बारिश के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 के शेड से पानी झरने की तरह टपकने लगा, जिससे छत के नीचे खड़े यात्रियों को भी भीगना पड़ा। बारिश से बचने के लिए लोग अपना सामान लेकर सुरक्षित स्थान की तलाश में इधर-उधर भागते नजर आए। प्लेटफॉर्म पर जलभराव और लगातार टपकते पानी के कारण यात्रियों को आवाजाही में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कुछ ही देर की बारिश में स्टेशन की अव्यवस्था सामने आने के बाद यात्रियों ने शेड से टपकते पानी और प्लेटफॉर्म की स्थिति के वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किए। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और रेलवे स्टेशन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

बारिश का असर गुढ़ियारी अंडरब्रिज में भी देखने को मिला, जहां पानी भर जाने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण शाम से देर रात तक यातायात प्रभावित रहा और कई लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। लगातार बारिश के बीच यात्रियों और स्थानीय लोगों ने जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com