धमतरी: नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से रखा अश्लील प्रस्ताव, पुलिस ने आरोपी वार्ड बॉय को किया गिरफ्तार

धमतरी: जिला अस्पताल में आया कि नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से अश्लील प्रस्ताव रखने वाले एक आरोपी को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. प्रार्थिया के आवेदन में उल्लिखित विभिन्न बिंदुओं की सूक्ष्म जांच हुई, जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है. मामला धमतरी जिला के थाना सिटी कोतवाली की है.
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी अनुसार, प्रार्थिया द्वारा बीते 11 सितंबर को जीवन दीप समिति में “वार्ड आया” पद हेतु आवेदन फार्म भरा था. इसके पश्चात दिनांक 14 सितंबर को जीवन दीप समिति के वार्ड बॉय राहुल इलमकर का फोन आया, जिसमें उसने प्रार्थिया को मिलने के लिए बुलाया. अगले दिन जब प्रार्थिया कार्यालय पहुंची तो आरोपी ने कहा कि वार्ड आया की नौकरी के लिए 30–40 हजार रुपये देने होंगे तथा रुपए के स्थान पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डाला. प्रार्थिया द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ अशोभनीय एवं अभद्र व्यवहार किया तथा 18 सितंबर को भी अस्पताल परिसर में अश्लील हरकतें कीं.
एसपी धमतरी को प्रार्थिया से प्राप्त शिकायत पर थाना प्रभारी को शिकायत की सूक्ष्मता से जांच कर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिये गये थे, जिस पर थाना प्रभारी सिटी कोतवाली द्वारा प्रार्थिया की शिकायत पर प्राप्त तथ्यों की सूक्ष्मता एवं गंभीरता से जांच की गई. जांच में तथ्य सत्य पाए जाने पर थाना सिटी कोतवाली में धारा 75(1)(ii), 78 भा.न्या.सं. के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई.
विवेचना के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के कथन, आरोपी से पूछताछ की गई तथा आरोपी द्वारा प्रयुक्त रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी गवाहों के समक्ष जप्त किया गया. आरोपी राहुल इलमकर पिता स्व. चन्द्रशेखर उम्र 26 वर्ष, निवासी रामपुर वार्ड धमतरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है.









