बलरामपुर में मासूम की पिटाई: प्रधान पाठक ने बांस के डंडे से पांचवीं के छात्र को पीटा, शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच

बलरामपुर, 19 अगस्त 2026। जिले के राजपुर विकासखंड स्थित प्राथमिक शाला बालक आश्रम जिगड़ी में कक्षा पांचवीं के एक पहाड़ी कोरवा छात्र की कथित रूप से बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रधान पाठक बिपता राम रवि ने किसी बात को लेकर नाराज होकर छात्र की बांस के डंडे से जमकर पिटाई कर दी।
छात्र के स्वजन और ग्रामीणों के अनुसार घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की है। बताया गया कि घटना के समय छात्र का बड़ा भाई भी स्कूल में मौजूद था। पिटाई के बाद छात्र किसी तरह स्कूल से बाहर निकला और उस घर पहुंचा, जहां से वह रोजाना स्कूल आता-जाता था।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि मारपीट के कारण छात्र के पैर में चोट आई है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में भी हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं।
शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि छात्र की पिटाई किन परिस्थितियों में हुई और प्रधान पाठक पर लगाए गए आरोप कितने सही हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी बताई जा रही है।











