क्या Bigg Boss 20 में एंट्री लेंगी जेनिफर विंगेट और नीति टेलर? ललित मोदी ने अफवाहें पे तोड़ी चुप्पी, माही विज भी तय!

टेलीविजन का सबसे बड़ा और विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस सीजन 20’ अपने नए सीजन के साथ छोटे पर्दे पर धमाकेदार वापसी के लिए तैयार है. हमेशा की तरह इस बार भी बॉलीवुड के ‘दबंग’ यानी सलमान खान बतौर होस्ट शो की कमान संभालते नजर आएंगे. शो के ऑन-एयर होने की तैयारियों के बीच इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि आखिर इस बार घर के अंदर कौन-कौन से चेहरे कैद होने वाले हैं. सोशल मीडिया और एंटरटेनमेंट गलियारों में संभावित कंटेस्टेंट्स की एक रिपोर्टेड लिस्ट सामने आई है, जिसमें टीवी, बॉलीवुड और डिजिटल दुनिया के कुछ बड़े नाम तेजी से वायरल हो रहे हैं.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जिन नामों को बिग बॉस के लिए सबसे मजबूत दावेदार बताया जा रहा है, उनमें बॉलीवुड एक्टर रजत बेदी, टीवी की टॉप एक्ट्रेस जेनिफर विंगेट और ‘कैसी ये यारियां’ फेम नीति टेलर का नाम सबसे ऊपर है. हाल में अपनी दूसरी शादी रचाने वाली जेनिफर विंगेट की जबरदस्त फैन फॉलोइंग को देखते हुए उनके नाम ने फैंस के बीच भारी उत्साह पैदा कर दिया है. वहीं, डिजिटल स्पेस से यूट्यूब सेंसेशन आशीष चंचलानी के नाम की भी खूब चर्चा है. अगर आशीष शो का हिस्सा बनते हैं, तो ये सोशल मीडिया लवर्स के लिए बड़ा सरप्राइज होगा. इनके अलावा कंटेंट क्रिएटर आर्यन केल्विन और जैन सैफी के नाम भी संभावित कंटेस्टेंट्स के तौर पर सामने आ रहे हैं.
ललित मोदी ने किया इनकार, माही विज की एंट्री लगभग तय!
बीते दिनों बिजनेसमैन ललित मोदी के भी ‘बिग बॉस 20‘ में हिस्सा लेने की अफवाहें जोरों पर थीं. हालांकि, अब उन्होंने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है और साफ किया है कि मेकर्स की तरफ से उन्हें शो के लिए अप्रोच नहीं किया गया है. दूसरी तरफ, टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस माही विज को लेकर खबर आ रही है कि वो इस सीजन के लिए लगभग फाइनल हो चुकी हैं और उनका नाम कन्फर्म माना जा रहा है.
आधिकारिक मुहर का इंतजार
हालांकि, जब तक मेकर्स की तरफ से आधिकारिक तौर पर कंटेस्टेंट्स के नामों का ऐलान नहीं किया जाता, तब तक इन नामों को केवल कयासों के तौर पर ही देखा जा रहा है. लेकिन इतना तो साफ है कि ड्रामा, इमोशन, झगड़े और दिलचस्प ट्विस्ट्स से भरपूर ‘बिग बॉस 20’ का ये नया सफर दर्शकों के लिए बेहद धमाकेदार होने वाला है.











