रीवा: सहेली से मिलने गई युवती के साथ ‘इंस्टाग्राम फ्रेंड’ ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

रीवा: शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया की दोस्ती एक युवती के लिए भारी पड़ गई. इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद मिलने बुलाकर एक युवक ने युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. सिविल लाइन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है.

परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत

थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि घटना 27 फरवरी 2026 की है. पीड़िता के परिजनों ने देर रात थाने पहुंचकर सूचना दी कि उनकी बेटी सहेली से मिलने की बात कहकर घर से निकली थी. सहेली से मिलने के बाद वह अपने एक इंस्टाग्राम मित्र के साथ चली गई, जहाँ आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया. घर लौटने पर पीड़िता ने आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे.

शुरुआती पूछताछ में पीड़िता घटना स्थल और आरोपी के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थी. इसके बाद पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए युवती द्वारा बताए गए रास्तों और संभावित स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले. साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से तथ्यों की पुष्टि होने के बाद, सिविल लाइन थाने की महिला पुलिस अधिकारी ने मामले में दुष्कर्म की धाराओं के तहत FIR दर्ज की.

आरोपी पुलिस गिरफ्त में

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य नाबालिक आरोपी को हिरासत में ले लिया है. बताया जा रहा है कि आरोपी बिछिया क्षेत्र का निवासी है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि घटनाक्रम की कड़ियाँ जोड़ी जा सकें.

close