न्याय दिलाने की जगह पीड़ित परिवार को कुचलने में लगी BJP सरकार… मेरठ दलित युवती हत्याकांड पर बरसे खरगे

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक दलित युवती की हत्या के मामले में राजनीति तेज होती जा रही है. कांग्रेस इस हत्याकांड पर लगातार प्रदर्शन कर रही है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मामले पर बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार की आवाज सुनने की जगह न्याय की मांग करने वालों को कुचलने में लगी है.
खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने पोस्ट में कहा, “मेरठ की दलित छात्रा की निर्मम हत्या ने बीजेपी की डबल इंजन सरकार का महिला एवं दलित विरोधी चेहरा एक बार फिर बेनकाब कर दिया है. पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है, लेकिन सरकार उसकी आवाज सुनने की जगह न्याय की मांग करने वालों को ही कुचलने में लगी है.
कांग्रेस अध्यक्ष ने NCRB के आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा, “साल 2013 से 2024 के बीच देश में महिलाओं के विरुद्ध दर्ज अपराध करीब 42.6% और अनुसूचित जातियों के विरुद्ध अपराध करीब 41% बढ़ गए हैं. देश में हर 2 घंटे 3 मिनट में अनुसूचित जाति (SC) की एक महिला के साथ रेप होता है, यानी हर दिन 12 दलित महिलाओं के साथ रेप के मामले दर्ज होते हैं. ये सिर्फ आंकड़े नहीं, बीजेपी शासन में महिलाओं, दलितों और वंचितों की बढ़ती असुरक्षा का प्रमाण भी हैं.”
रेप से जुड़े पिछले कुछ मामलों का जिक्र करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “हाथरस और उन्नाव में भी देश ने देखा था कि बीजेपी सरकार ने किस तरह पीड़ितों की आवाज दबाई और सत्ता से जुड़े लोगों को बचाने की कोशिश की. अब मेरठ में वही दमनकारी रवैया दोहराया जा रहा है.”
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए खरगे ने कहा, “पीड़िता के परिवार को न्याय चाहिए, लाठियां और नजरबंदी नहीं. मामले के दोषियों को कठोरतम सजा दी जाए और पीड़ित परिवार की आवाज दबाना तत्काल बंद किया जाए. याद रहे दलितों-वंचितों-मजलूमों की आवाज का उफान बीजेपी की सत्ता के सिंहासन को जल्द उखाड़ फेंकेगा!”











