अंतरजिला बाइक चोर गिरफ्तार, भिलाई समेत तीन शहरों से चुराई गईं बाइक बरामद

दुर्ग जिले की जामुल पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को रायगढ़ जिले से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने भिलाई, रायपुर और बिलासपुर से तीन बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर तीनों चोरी की बाइक बरामद कर ली हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 1.60 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मामला जामुल थाना क्षेत्र के कैलाश नगर का है, जहां 1 जून 2026 को युगल पटेल के भाई कुणाल पटेल की यामाहा आर-15 बाइक खरीदारी के दौरान चोरी हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी बाइक नहीं मिलने पर जामुल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर क्षेत्र से आनंदी मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने कैलाश नगर से यामाहा आर-15 चोरी करने के अलावा करीब दो वर्ष पहले बिलासपुर से होंडा शाइन और 20 से 25 दिन पहले रायपुर से एक केटीएम बाइक चोरी करने की बात भी कबूल की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों चोरी की बाइक बरामद कर ली। बरामद वाहनों में यामाहा आर-15, होंडा शाइन और बिना नंबर की केटीएम बाइक शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी बाइकों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद वह वाहनों को दूसरे जिले में ले जाकर छिपा देता था, जिससे पुलिस को उसका सुराग न मिल सके।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय आनंदी मंडल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ओडिशा के संबलपुर जिले का निवासी है और फिलहाल सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया थाना क्षेत्र के दर्राभाठा रिसोड़ा गांव में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने अन्य जिलों में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।











