जगदलपुर में 15 नवंबर से शुरू होगा अंतरराज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट: 10 राज्यों की 16 टीमें लेंगी हिस्सा, विजेता को मिलेगा 1.50 लाख का इनाम

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। यहां 15 नवंबर से अखिल भारतीय अंतरराज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत होगी, जो 23 नवंबर तक चलेगा। इस प्रतियोगिता में देशभर के 10 राज्यों की कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट का आयोजन बस्तर जिला फुटबॉल संघ द्वारा किया जा रहा है।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता की विजेता टीम को 1.50 लाख रुपये की नकद राशि दी जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 1 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा टूर्नामेंट के दौरान सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (बेस्ट प्लेयर) को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

इस प्रतियोगिता में कर्नाटक, तमिलनाडु, ओडिशा, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, पंजाब, केरल और महाराष्ट्र की टीमें शामिल होंगी। सभी मैच जगदलपुर के सिटी ग्राउंड में खेले जाएंगे। संघ के सदस्यों ने बताया कि खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी संघ द्वारा की जाएगी।

बस्तर जिला फुटबॉल संघ के सदस्य दिलीप दास और यशर्षवर्धन राव ने जानकारी दी कि टूर्नामेंट का उद्देश्य स्थानीय और बाहरी खिलाड़ियों को एक मंच पर लाना है, जिससे उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि बस्तर में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन बड़े टूर्नामेंट न होने के कारण खिलाड़ियों को मौका नहीं मिल पाता।

संघ का मानना है कि इस आयोजन से न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, बल्कि नेशनल लेवल के चयन के लिए भी कई खिलाड़ियों के रास्ते खुल सकते हैं। शहर में इस आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और उम्मीद की जा रही है कि इस टूर्नामेंट से बस्तर के युवा खिलाड़ियों को नई पहचान मिलेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close