IPL 2026: हेजलवुड, हेनरी, बुमराह, बोल्ट… वैभव सूर्यवंशी ने सबका किया एक जैसा हाल, क्रिकेट जगत हैरान


IPL 2026, Vaibhav Sooryavanshi: राजस्थान रॉयल्स की युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में लगातार कमाल कर रहे हैं. सिर्फ 15 साल की उम्र में इस युवा बल्लेबाज ने पूरे टूर्नामेंट में सभी टीमों की नाक में दम कर रखा है. उनका बल्ला इतना गरज रहा है कि दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाज भी उनसे बच नहीं पा रहे हैं. अभी तक खेले गए 4 मैचों में वैभव सूर्यवंशी ने 200 रन बना लिए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं. सबसे बड़ी बात उनका स्ट्राइक रेट है, जो 266.66 का है. उन्होंने इन रनों में 18 चौके और 18 छक्के जड़े हैं.
स्टार गेंदबाजों का स्वागत बाउंड्री से साथ
वैभव सूर्यवंशी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह बड़े-बड़े गेंदबाजों की पहली गेंद पर ही बाउंड्री लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं. उन्होंने अब तक जोश हेजलवुड, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और मैट हेनरी जैसे वर्ल्ड क्लास गेंदबाजों की पहली गेंद को बाउंड्री पार पहुंचाया है.
राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया मैच जोश हेजलवुड का इस सीजन में पहला मैच था. वैभव सूर्यवंशी पहली ही बार इस गेंदबाज के सामने खेल रहे थे, लेकिन उन्होंने उनकी पहली गेंद पर चौका और दूसरी गेंद पर एक और चौका जड़ दिया. जिसे देखकर हर कोई चौंक गया. जोश हेजलवुड के खिलाफ ऐसे तेवर काफी कम बल्लेबाज ही दिखा पाते हैं.
बुमराह-बोल्ट को लिया आड़े हाथों
इससे पहले मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट की गेंदों पर भी कुछ ऐसा ही किया था. जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा था. उन्होंने बुमराह के खिलाफ 1 ही ओवर में 2 छक्के लगाए थे, जो किसी करिश्मे से कम नहीं है. फिर ट्रेंट बोल्ट के खिलाफ भी पहली गेंद पर छक्का ठोक दिया था. वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैट हेनरी का स्वागत भी उन्होंने इसी अंदाज में किया था. उन्होंने मैट हेनरी की पहली ही गेंद पर चौका लगाया था.











