IPL 2026 Points Table: गुजरात ने एक जीत से लगाई दमदार छलांग, अंक तालिका में इन टीमों को पीछे छोड़ा

IPL 2026 Points Table: गुजरात ने एक जीत से लगाई दमदार छलांग, अंक तालिका में इन टीमों को पीछे छोड़ा

शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस जीत की लय पर सवार होकर लगातार आगे बढ़ रही है. आईपीएल 2026 की शुरुआत हार से करने वाली गुजरात टाइटंस को पहली जीत के लिए तीसरे मैच तक इंतजार करना पड़ा लेकिन अब टीम ने लगातार 3 मैच जीतकर बाकी टीमों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है. इसके साथ ही गुजरात ने पॉइंट्स टेबल में भी अच्छी छलांग लगाते हुए टॉप-4 में जगह बना ली है. वहीं कोलकाता का हाल पहले जैसा ही है और वो आखिरी स्थान पर है.

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 17 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में गुजरात ने कोलकाता को बिना खास परेशानी के हरा दिया. कोलकाता ने इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए 180 रन बनाए. उसके लिए कैमरन ग्रीन ने इस सीजन में अपना पहला अर्धशतक लगाया और 79 रन की पारी खेली. इसके जवाब में गुजरात ने 5 विकेट खोकर ये लक्ष्य हासिल किया. टीम की जीत के स्टार कप्तान शुभमन गिल ही रहे, जिनके बल्ले से 86 रन निकले.

गुजरात की छलांग, इन टीमों से आगे निकली

इस तरह गुजरात ने आईपीएल 2026 में लगातार तीसरी जीत हासिल करते हुए पॉइंट्स टेबल में लगातार ऊपर की ओर अपना सफर जारी रखा. अब गुजरात के 5 मैच में 3 जीत के साथ 6 पॉइंट्स हो गए हैं. इस मैच से पहले छठे स्थान पर रही गुजरात अब चौथे स्थान पर पहुंच गई है. उसने सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स को एक-एक स्थान नीचे धकेला. पहले स्थान पर पंजाब किंग्स (9), दूसरे पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (8) और तीसरे स्थान पर राजस्थान रॉयल्स (8) हैं.

वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स ने 6 मैच में अपना पांचवां मैच गंवा दिया. अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली कोलकाता अकेली ऐसी टीम है, जिसे अभी तक कोई जीत नहीं मिली है. केकेआर को सिर्फ 1 पॉइंट मिला है और वो भी इसलिए क्योंकि पंजाब के खिलाफ उसका मैच बारिश से धुल गया था. ये टीम 10वें स्थान पर है. उससे ऊपर 9वें पर मुंबई इंडियंस (2), आठवें पर चेन्नई सुपर किंग्स (4) और सातवें पर लखनऊ सुपर जायंट्स (4) है.

शनिवार को डबल हेडर

अब शनिवार 18 अप्रैल को डबल हेडर है यानि एक ही दिन में दो मैच हैं और इन दो मुकाबलों के नतीजे पॉइंट्स टेबल में बड़ी उथल-पुथल मचा सकते हैं. पहला मैच बेंगलुरु में मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा. वहीं दूसरा मैच हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होगा.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com