जगदलपुर: ऐतिहासिक गोंचा पर्व की तैयारियां तेज, 18 लाख रुपये के बजट प्रस्ताव से बढ़ी उम्मीदें

जगदलपुर। बस्तर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान माने जाने वाले ऐतिहासिक गोंचा पर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वर्ष भी पर्व के दौरान नौ दिनों तक महाभंडारा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न धार्मिक आयोजनों का भव्य आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति ने आयोजन को और अधिक व्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए शासन से आर्थिक सहयोग की मांग की है।
9 दिनों तक रहेगा आस्था और उत्सव का माहौल
मंदिर समिति के अनुसार गोंचा पर्व के दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-पाठ, महाभंडारा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक इस पर्व में शामिल होते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहता है।
शासन को भेजा गया 18 लाख रुपये का प्रस्ताव
समिति ने बताया कि पूर्व वर्षों में संस्कृति विभाग की ओर से आयोजन के लिए 5 लाख रुपये का बजट उपलब्ध कराया जाता रहा है। इस बार बढ़ती व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए तहसीलदार के माध्यम से शासन को 18 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है।
प्रशासन के साथ होगी महत्वपूर्ण बैठक
प्रस्ताव की जानकारी मिलने के बाद मंदिर समिति के सदस्य नरेंद्र पाणिग्राही ने कहा कि जल्द ही तहसीलदार और कलेक्टर के साथ बैठक कर गोंचा पर्व की तैयारियों, व्यवस्थाओं और शासन से मिलने वाले सहयोग पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों के सहयोग से इस वर्ष का आयोजन पहले से अधिक भव्य और सुव्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जाएगा।









