जशपुर पुलिस ने हत्या और लूट के तीन आरोपियों को पकड़ा

जशपुर पुलिस ने गुरुवार को दो हत्या के आरोपी और एक लूट के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि हत्या के मामले में शीतल मिंज (39) और जीतू राम (32) को पकड़ा गया है, जबकि लूट के मामले में एक अन्य आरोपी को अरेस्ट किया गया। तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

दरअसल, कुछ दिन पहले सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के तुरीटोंगरी इलाके में एक अधजली लाश मिली थी। पुलिस ने इस मामले में पहले ही एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि दो आरोपी फरार थे। गुरुवार को पुलिस ने कुनकुरी क्षेत्र से शीतल मिंज और जीतू राम को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने जुर्म स्वीकार किया। उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 238(क) और 61(2) के तहत केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेजा गया।

वहीं दूसरा मामला ग्राम तेतरटोली का है। 2 नवंबर की रात पिकअप ड्राइवर विनय यादव सब्जी लेकर पहुंचा था और अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था, तभी तीन युवकों ने उसे रोककर गाली-गलौज और मारपीट की। उन्होंने 5000 रुपए की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसका मोबाइल छीन लिया। मौका पाकर विनय यादव भाग निकला और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने जांच के बाद आरोपी आवेश भगत (22) को गिरफ्तार किया। उसके पास से लूटा गया मोबाइल और बाइक बरामद की गई है। इस मामले में बीएनएस की धारा 127(1), 309(4), 298, 351(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। अन्य दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रख रही है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी प्राथमिकता पर की जा रही है और लूट के अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।