उत्तर प्रदेश: विवादों में घिरी जसवंतनगर की यूट्यूबर संजना यदुवंशी उर्फ मुस्कान यादव, आगरा में मुकदमा दर्ज

इटावा/ आगरा: उत्तर प्रदेश के जसवंतनगर क्षेत्र की चर्चित यूट्यूबर संजना यदुवंशी उर्फ मुस्कान यादव के खिलाफ आगरा के थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज किया गया है.

बता दें मामला सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी, गाली-गलौज और छवि धूमिल करने के आरोपों से जुड़ा है. शिकायत जिला एवं सत्र न्यायालय, आगरा में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता देवेंद्र उर्फ दीपक यादव की ओर से दी गई है.

अधिवक्ता देवेंद्र यादव का आरोप है कि 25 फरवरी 2026 को संजना यदुवंशी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से उनका फोटो साझा करते हुए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया. उनका कहना है कि पोस्ट में उनके लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और उन्हें मानसिक कष्ट हुआ. शिकायत में यह भी कहा गया है कि पोस्ट में उनकी एक करीबी महिला रिश्तेदार के संबंध में भी अभद्र टिप्पणी की गई.

प्रार्थना पत्र के अनुसार, अधिवक्ता देवेंद्र यादव अपनी रिश्तेदार के एक प्रकरण में पैरवी कर रहे हैं.उसी रंजिश में सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ पोस्ट किए जाने का आरोप लगाया गया है.उन्होंने पुलिस को बताया कि संबंधित इंस्टाग्राम पोस्ट और उसके स्क्रीनशॉट सहित इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य उनके पास उपलब्ध हैं, जिन्हें जांच के दौरान प्रस्तुत किया जाएगा.

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है.मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के परीक्षण के बाद की जाएगी.फिलहाल पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

संजना यदुवंशी उर्फ मुस्कान यादव का नाम पहले भी सोशल मीडिया विवादों में चर्चा में रहा है. हालांकि, पुराने मामलों और अन्य व्यक्तियों से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि इस स्तर पर नहीं हुई है. इसलिए उन आरोपों पर पुलिस या अदालत की पुष्टि के बिना अंतिम टिप्पणी करना उचित नहीं होगा.

इस प्रकरण के बाद जसवंतनगर, आगरा और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा तेज हो गई है.अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है.

close