300 होटलों में ठगी का मास्टरमाइंड: चार्ल्स शोभराज से प्रभावित जॉन गिरफ्तार

देशभर के 5 स्टार होटलों को निशाना बनाकर ठगी और चोरी करने वाले अंतरराज्यीय ठग बिंगसन जॉन को रायपुर पुलिस ने ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 10 से ज्यादा राज्यों के करीब 300 होटलों में ठगी और चोरी करने का आरोप है।
शुरुआती दिनों में वह एक होटल में वेटर था, लेकिन बाद में फर्जी पहचान के सहारे महंगे होटलों में ठहरकर वारदातें करने लगा। जांच में यह भी सामने आया कि वह कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित था।
रायपुर के तेलीबांधा स्थित हयात होटल में भी आरोपी 27 जून को ₹63,755 का बिल चुकाए बिना फरार हो गया था। वह होटल से करीब ₹1.48 लाख का किराए का लैपटॉप भी लेकर भाग गया था। होटल प्रबंधन की शिकायत पर जांच शुरू हुई, जिसके बाद पुलिस ने 72 घंटे के भीतर उसे भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर लैपटॉप बरामद कर लिया।
मामला तेलीबांधा स्थित होटल हयात का है। होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी 25 जून को होटल में ठहरा था। 27 जून की सुबह वह बिना चेक-आउट किए होटल से भाग गया।
उसने होटल का 63,755 रुपए का बिल भी नहीं चुकाया। इतना ही नहीं उसने अपनी मांग पर किराए पर लिया गया करीब 1.48 लाख रुपए का लैपटॉप भी साथ ले गया। बाद में होटल प्रबंधन ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले।
शिकायत मिलने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान होटल में जमा दस्तावेजों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच की गई।
इससे आरोपी की लोकेशन ओडिशा के भुवनेश्वर में मिली। पुलिस टीम वहां पहुंची और घटना के महज 72 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से होटल का लैपटॉप भी बरामद कर लिया है।
300 से ज्यादा 5 स्टार होटलों को बना चुका है निशाना
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 1990 से अब तक वह देशभर के 300 से अधिक 5 स्टार होटलों में ठगी और चोरी की वारदात कर चुका है। पुलिस के अनुसार वह पहली बार साल 1996 में तिहाड़ जेल गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित था। इसी वजह से उसने लोगों को धोखा देने के नए-नए तरीके अपनाए। आरोपी खुद को कभी विदेशी ट्रैवल गाइड, कभी इंग्लिश टीचर तो कभी योगा टीचर बताकर महंगे होटलों में ठहरता था।
कई दिनों तक होटल की सुविधाओं का इस्तेमाल करता और फिर बिना बिल चुकाए होटल का सामान लेकर फरार हो जाता था।
तमिलनाडु का रहने वाला है आरोपी
बिंगसन जॉन मूल रूप से तमिलनाडु के तूतीकोरिन का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक वह अब तक देश के अलग-अलग राज्यों की जेलों में करीब 15 साल बिता चुका है।
रायपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, अब पुलिस दूसरे राज्यों में उसके खिलाफ दर्ज मामलों का रिकॉर्ड भी जुटा रही है।










