बिलासपुर में जीएसटी और पर्यावरण विभाग की संयुक्त कार्रवाई, पुरानी बैटरियों से भरा ट्रक जब्त

बिलासपुर के व्यापार विहार रोड स्थित एक ऑटोमोटिव फर्म पर जीएसटी विभाग और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये मूल्य की प्रयुक्त लेड-एसिड बैटरियों से भरे ट्रक को जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आवश्यक अनुमति और वैधानिक दस्तावेजों के बिना इन बैटरियों को नागपुर भेजने की तैयारी की जा रही थी।
संयुक्त टीम ने मौके पर ट्रक, पुरानी बैटरियों और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की। अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में कई अनियमितताएं मिलने पर ट्रक को तत्काल जब्त कर लिया गया। बताया जा रहा है कि गणेश साहू नामक व्यक्ति इन बैटरियों को नागपुर भेजने की तैयारी कर रहा था। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुरानी बैटरियों से निकलने वाला एसिडयुक्त पानी खुले नाले में बहाया जा रहा था, जिससे पर्यावरण और आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा उत्पन्न हो सकता है। शिकायतों के आधार पर पर्यावरण संरक्षण मंडल ने प्रदूषण से जुड़े पहलुओं की भी विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
वहीं, जीएसटी विभाग बैटरी स्क्रैप की खरीदी-बिक्री, स्टॉक और परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रहा है। कार्रवाई के दौरान स्क्रैप सामग्री भी जब्त की गई है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि प्रयुक्त बैटरियां कहां से लाई गईं, इन्हें नागपुर भेजने का निर्देश किसने दिया और पूरे कारोबार में कर नियमों तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रावधानों का पालन किया गया था या नहीं। जांच पूरी होने के बाद संबंधित विभाग आगे की वैधानिक कार्रवाई करेंगे।











