भरथना में ट्रेन से गिरकर दो युवकों की मौत, शिनाख्त होते ही चीखों से दहला कानपुर देहात

भरथना : कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर मुरी एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर जान गंवाने वाले दोनों युवकों की आज शिनाख्त हो गई. भरथना स्टेशन के पास गणेश राइस मिल के सामने हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया था, जिसके बाद आज दोनों मृतकों की पहचान स्पष्ट हो सकी.
बताया गया है कि हादसा उस समय हुआ था जब मुरी एक्सप्रेस के जनरल कोच के दरवाजे पर खड़े दो युवक अचानक संतुलन बिगड़ने से चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़े थे.ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी.घटना के बाद जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की थी.
पहले मृतक की पहचान सोहेल पुत्र रशीद खान (22 वर्ष) निवासी अमोली ठाकुरान, थाना रूरा, जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई थी.अब आज दूसरे युवक की भी शिनाख्त कर ली गई है.दोनों शवों की पहचान होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिजनों के अनुसार सोहेल गुजरात के राजकोट में अमूल फैक्ट्री में काम करता था और ईद का त्योहार मनाने के लिए अपने घर लौट रहा था.वह टूंडला से झींझक रेलवे स्टेशन जाने के लिए मुरी एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हुआ था। ट्रेन के डिब्बे में अत्यधिक भीड़ होने के कारण वह दरवाजे पर खड़ा था.इसी दौरान अचानक झटका लगने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया.
दूसरे युवक के बारे में भी पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है.घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भरथना पहुंचे, जहां पुलिस की मौजूदगी में शवों की शिनाख्त की गई. इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.हादसे के बाद से दोनों परिवारों में शोक की लहर है. यह दर्दनाक घटना एक बार फिर ट्रेनों के जनरल कोचों में अत्यधिक भीड़ और दरवाजों पर सफर करने के खतरे को उजागर करती है.











