पीड़ित परिवार से मिले करणी सेना प्रमुख राज शेखावत, बोले— न्याय नहीं मिला तो होगा बड़ा आंदोलन

कोरिया। चर्चित नौगई तिहरे हत्याकांड को लेकर करणी सेना ने एक बार फिर प्रदेश सरकार और प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है। सोमवार को करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत बैकुंठपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की तेरहवीं में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली।
पीड़ित परिवार से मुलाकात, न्याय की मांग तेज
डॉ. राज शेखावत ने परिजनों से चर्चा के बाद कहा कि नौगई हत्याकांड के पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि परिवार स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहा है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की आवश्यकता है। इस दौरान करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर सहित संगठन के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाज के लोग मौजूद रहे।
गृहमंत्री के इस्तीफे और CBI जांच की मांग
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभाला नहीं जा रहा है तो जिम्मेदार लोगों को जवाबदेही स्वीकार करनी चाहिए।
उन्होंने मामले की CBI जांच अथवा उच्चस्तरीय SIT से जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
गिरफ्तारियां पर्याप्त नहीं, सभी आरोपियों पर हो कार्रवाई
डॉ. शेखावत ने कहा कि पुलिस अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन केवल गिरफ्तारियां पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जिन 25 से 26 लोगों के नाम इस मामले में सामने आए हैं, उनके खिलाफ भी निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि न्याय में देरी से जनाक्रोश बढ़ सकता है।
19 जुलाई को होगी श्रद्धांजलि सभा
करणी सेना ने घोषणा की है कि 19 जुलाई को नौगई में एक बड़ी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर मृतकों को श्रद्धांजलि देंगे और न्याय की मांग को बुलंद करेंगे। संगठन ने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक उसका संघर्ष जारी रहेगा।









