केजरीवाल विशेषाधिकार समिति के सामने होंगे पेश, AAP ने कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग की मांग उठाई

दिल्ली में ‘फांसी घर’ विवाद को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को विधानसभा की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होने के लिए बुलाया गया है। इस बीच आम आदमी पार्टी ने पूरी कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग कराने की मांग की है, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से हो सके।

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि विधानसभा की समितियां पारदर्शिता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी कई महत्वपूर्ण मामलों में समिति की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया गया है और पत्रकारों को भी बुलाकर निष्पक्ष रिपोर्टिंग करने का अवसर दिया गया था।

उन्होंने कहा कि खबर है कि ‘फांसी घर’ मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री को समिति के सामने बुलाया गया है। भारद्वाज के मुताबिक देश में कई राज्यों में विधानसभाएं और समितियां हैं, लेकिन किसी पूर्व मुख्यमंत्री को इस तरह समिति के सामने बुलाना एक नई परंपरा की तरह देखा जा रहा है, जिसका देश की राजनीति पर दूरगामी असर पड़ सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी ने भाजपा से ज्यादा विधानसभा समितियां चलाई हैं और इनकी कार्यप्रणाली का अनुभव भी ज्यादा है। जब भी किसी महत्वपूर्ण विषय पर सुनवाई हुई या किसी व्यक्ति ने अनुरोध किया, तब कार्यवाही का लाइव प्रसारण किया गया और पत्रकारों को भी बुलाया गया, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यदि अरविंद केजरीवाल इस मामले में कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग की मांग कर रहे हैं तो विधानसभा स्पीकर को इसमें कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्पीकर को मीडिया के सामने आकर यह स्पष्ट करना चाहिए कि कार्यवाही का लाइव प्रसारण होगा या नहीं।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि लाइव स्ट्रीमिंग नहीं कराई जाती है तो इसके पीछे कारण भी सार्वजनिक किए जाने चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर ऐसा क्या है जिसे छिपाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

close