कोरबा की छात्रा लावण्य प्रधान ने अंतरराष्ट्रीय हिन्दी ओलंपियाड में जीता स्वर्ण पदक

कोरबा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल कुसमुण्डा की कक्षा 9वीं की छात्रा लावण्य प्रधान ने अंतरराष्ट्रीय हिन्दी ओलंपियाड प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के लिए उन्हें राष्ट्रीय हिन्दी प्रतिभा सम्मान और नगद पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

यह प्रतियोगिता हिन्दी विकास संस्थान, दिल्ली द्वारा आयोजित की गई थी। लावण्य को यह सम्मान नई दिल्ली स्थित तीन मूर्ति भवन के प्रधानमंत्री संग्रहालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।

सम्मान समारोह में हिन्दी विकास संस्थान के पदाधिकारियों और शिक्षा जगत से जुड़े कई गणमान्य व्यक्तियों ने लावण्य को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में संस्कृति और शिक्षा विभाग से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर लावण्य ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वह यह सम्मान अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय को समर्पित करती हैं। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि उन्हें हिन्दी भाषा और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए आगे भी प्रेरित करेगी।

इस सफलता के बाद विद्यालय प्रबंधन, सहपाठियों, परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने लावण्य प्रधान को बधाई दी और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रकट कीं।

close