कोरबा: अनियंत्रित ट्रेलर घर में घुसा, गर्भवती महिला की मौत; ग्रामीणों का चक्काजाम


कोरबा। जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ापार बाजार पारा में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पार करते हुए एक मकान में जा घुसा। हादसे के समय घर के आंगन में बर्तन धो रही 25 वर्षीय शशि बाई सूर्यवंशी उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह गर्भवती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर बलौदा की ओर से गलत दिशा में आ रहा था। अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और ट्रेलर सीधे भोलाराम सूर्यवंशी के घर में घुस गया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतका के ससुर भोलाराम सूर्यवंशी ने बताया कि वह कमरे में आराम कर रहे थे। अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी। उनके बच्चे आंगन में खेल रहे थे, जिन्हें तुरंत आवाज देकर अंदर बुलाया गया, अन्यथा वे भी हादसे का शिकार हो सकते थे।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने मृतका के परिवार को उचित मुआवजा और घर के नुकसान की भरपाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई और आर्थिक सहायता की घोषणा नहीं की जाती, तब तक चक्काजाम जारी रहेगा।
मृतका शशि बाई अपने पीछे दो छोटे बच्चों और पति गजपाल को छोड़ गई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।











