खेतड़ी में गैस लीक होने से मजदूर झुलसा, झुंझुनूं रेफर:शरीर के कई हिस्सों में गंभीर जलन, लोहे की गाटर काटते समय हादसा

खेतड़ी के ढाणी भरगड़ान में बुधवार को लोहे की गाटर काटते समय गैस लीक होने से एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल मजदूर को राजकीय उप जिला अस्पताल खेतड़ी ले जाया गया। वहां सर्जन डॉ. हिमांशु लंबोरा और जनरल फिजिशियन डॉ. प्रदीप यादव की टीम ने प्राथमिक उपचार किया। मजदूर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल रेफर कर दिया गया।

गैस रिसाव होने से झुलसा

घायल मजदूर की पहचान झारखंड के दरीबा निवासी पवन कुमार (25) पुत्र रिवा सिंह के रूप में हुई है। पवन कुमार काफी समय से ढाणी भरगड़ान स्थित एक लोहे की दुकान में काम कर रहा था। बुधवार को गाटर काटने के दौरान अचानक गैस रिसाव हुआ, जिसकी चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया। दुकान पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत आग पर काबू पाया।

हालत नाजुक, झुंझुनूं रेफर

डॉक्टर्स के अनुसार, मजदूर के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर जलन है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल, उसका उपचार झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में जारी है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने छोटी औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने की मांग की है।

प्रशासन से भी मामले की जानकारी जुटाकर सुरक्षा मानकों को तय करने और गैस रिसाव के कारणों की जांच कराने की अपेक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com