लखीमपुर खीरी: उधार न देने पर दुकान में पेट्रोल डालकर लगाई आग, दुकानदार झुलसा; हालत नाजुक

लखीमपुर खीरी: बिजुआ चौकी क्षेत्र के ग्राम इटकुटी में गुरुवार रात एक परचून की दुकान में उधार सामान न देने पर ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद हो गया. नाराज ग्राहको ने दुकान में पेट्रोल डालकर आग लगा दी. इससे दुकान मालिक का बेटा गंभीर रूप से झुलस गया. आसपास के लोगो ने किसी तरह आग पर काबू पाते हुए दुकानदार को बाहर निकाला. तब तक वह बुरी तरह झुलस गया था.
इटकुटी चौराहे पर राजेश्वरी पत्नी राकेश गुप्ता की परचून की दुकान है. उनका बेटा रवि गुप्ता दुकान पर बैठा था. इसी दौरान गांव के कुछ लोग दुकान पर पहुंचे और उधार सामान मांगने लगे. इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते पेट्रोल डालकर दुकान में आग लगा दी. आग लगने से रवि गुप्ता गंभीर रूप से झुलस गए. ग्रामीण उसे बिजुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. वह 70 फीसदी झुलस गए हैं.
राजेश्वरी ने कहा कि आरोपी दुकान में रखे गन्ना भुगतान के 2.30 लाख रुपये भी अपने साथ ले गए. 112 डायल पुलिस और बिजुआ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.










