गंगरेल बांध में 11 मार्च को पहली बार होगी ‘महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप’, विजेताओं को मिलेंगे लाखों के इनाम

धमतरी: जिले में पर्यटन गतिविधियों को नई पहचान देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन धमतरी द्वारा एक अभिनव पहल की जा रही है. कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल पर जिला पर्यटन समिति धमतरी द्वारा गंगरेल बांध में पहली बार ‘गंगरेल नौकायन उत्सव’ के अंतर्गत ‘महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप’ का आयोजन किया जा रहा है. यह रोमांचक नौका दौड़ प्रतियोगिता 11 मार्च 2026, बुधवार को दोपहर 3 बजे गंगरेल बांध में आयोजित होगी.

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले में जल पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय युवाओं को साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा गंगरेल क्षेत्र को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है. प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के लिए पंजीयन अनिवार्य रखा गया है. प्रत्येक टीम के लिए 500 रुपये का पंजीयन शुल्क निर्धारित किया गया है तथा पंजीयन की अंतिम तिथि 9 मार्च 2026, सोमवार शाम 5 बजे तक तय की गई है.

प्रतियोगिता में विजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे. नाव दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान के लिए 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा. इसके अतिरिक्त नाव सजावट और पारंपरिक वेशभूषा के लिए भी 11-11 हजार रुपये के विशेष पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं.

प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार, सभी प्रतिभागियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना आवश्यक है तथा प्रत्येक प्रतिभागी के पास वैध पहचान पत्र होना अनिवार्य रहेगा प्रत्येक टीम में 2 सदस्य होंगे और आवश्यकता अनुसार एक अतिरिक्त खिलाड़ी रखा जा सकेगा. सभी प्रतिभागियों के लिए समान वेशभूषा अथवा लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य किया गया है.

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में केवल स्वीकृत पारंपरिक नावों को ही भाग लेने की अनुमति होगी तथा इंजन या मोटर चालित नावों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा. प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा के लिए बचाव दल, सुरक्षा नाव, लाइफ जैकेट, प्राथमिक उपचार तथा एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी.

कलेक्टर  मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से जिले में पर्यटन को नई गति मिलेगी और युवाओं को साहसिक गतिविधियों में भागीदारी का अवसर प्राप्त होगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com