धमतरी: गंगरेल में इतिहास रचेगा ‘महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप’, 3 महिला टीमों सहित 52 टीमें मैदान में

धमतरी: जिले के लिए 22 मार्च का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है. गंगरेल बांध में पहली बार ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के तहत भव्य महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है. दोपहर 3 बजे से शुरू होने वाली इस रोमांचक प्रतियोगिता को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है.

प्रतियोगिता में धमतरी सहित आसपास के जिलों की कुल 52 टीमें हिस्सा ले रही हैं. यह रेस मचान हाट प्वाइंट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक लगभग 1000 मीटर की दूरी में आयोजित होगी, जहां प्रतिभागी अपनी क्षमता और तालमेल का प्रदर्शन करेंगे. आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी होंगी.

महिला शक्ति बनेगी आकर्षण का केंद्र

इस आयोजन की खास बात तीन महिला टीमों की भागीदारी है, जो आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. ग्राम लिर्रा की चयन बाई, सुमन और दिनेश्वरी निधार अपनी पारंपरिक नाव के साथ प्रतियोगिता में उतर रही हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद उनका उत्साह और साहस महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दे रहा है.

विजेताओं के लिए लाखों के नगद इनाम

प्रतियोगिता के माध्यम से गंगरेल बांध को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास किया जा रहा है. विजेताओं के लिए प्रथम 1 लाख, द्वितीय 50 हजार और तृतीय 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार रखे गए हैं. साथ ही बोट सजावट के लिए 11 हजार रुपये का विशेष पुरस्कार भी घोषित किया गया है.

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है. यह आयोजन धमतरी की नई पहचान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com