Maharashtra Rain: मुंबई में विदेशी जहाज फंसा, पालघर में रेलवे ट्रैक डूबे; IMD का रेड अलर्ट

महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. मुंबई से लेकर पालघर तक हालात गंभीर बने हुए हैं. इस बीच मुंबई के बोरीवली पश्चिम स्थित गोराई-मनोरी बीच के पास समुद्र में एक विदेशी समुद्री जहाज के फंसने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही गोराई पुलिस, भारतीय तटरक्षक बल (कोस्ट गार्ड) और भारतीय नौसेना के INS हमला की टीम मौके पर पहुंच गई. सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि इतना बड़ा विदेशी जहाज गोराई तट तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं है.
उधर, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मुंबई, रायगढ़, पालघर, पुणे और नासिक समेत पांच प्रमुख जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही समुद्र में 4 से 5 मीटर ऊंची लहरें उठने और हाई टाइड की आशंका जताई गई है. प्रशासन ने लोगों से समुद्र तटों और निचले इलाकों में जाने से बचने तथा प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है.
बारिश का सबसे ज्यादा असर पालघर जिले में देखने को मिला. सफाले क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण रेलवे ट्रैक पूरी तरह पानी में डूब गए और स्टेशन परिसर किसी तालाब जैसा नजर आया. स्थानीय बाजारों और सड़कों पर भी भारी जलभराव होने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया. बोईसर-पालघर मुख्य मार्ग पर पानी भर जाने से यातायात बाधित हो गया, जबकि कई गांवों का संपर्क भी टूट गया है.
वहीं पालघर के जलसार गांव की समुद्री खाड़ी में मछली पकड़ने गए तीन मछुआरे तेज बहाव में फंस गए. स्थानीय ग्रामीणों ने यात्री जेटी की मदद से काफी मशक्कत के बाद तीनों मछुआरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील कर रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है, इसलिए नागरिक पूरी सतर्कता बरतें.











