भिलाई इस्पात संयंत्र में बड़ा हादसा: एसएमएस-2 निर्माण कार्य के दौरान मजदूर की मौत, सुरक्षा लापरवाही पर उठे सवाल

भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के एसएमएस-2 विभाग में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया, जिसमें मरोदा के शंकर नगर निवासी 43 वर्षीय मजदूर देवेंद्र चंद्राकर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब संयंत्र में नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा था और मजदूर ट्रॉली में ईंट लोड कर रहे थे। देवेंद्र बीएसपी में ठेका मजदूर के रूप में काम करता था।

जानकारी के अनुसार, निर्माण स्थल पर देवेंद्र अपनी सुरक्षा बेल्ट पहने था, लेकिन उसने सुरक्षा बेल्ट का हुक ट्रॉली से बांध रखा था। इसी दौरान ऊपर से अचानक एक तार टूटकर गिरा और उसके साथ मलबा भी नीचे आ गिरा। भारी मलबा सीधे देवेंद्र पर गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शाम करीब 5 बजे के आसपास हुआ। घटना के तुरंत बाद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और घायल देवेंद्र को तत्काल बीएसपी के मेन अस्पताल ले जाया गया।

कर्मचारियों के मुताबिक, अस्पताल ले जाते समय ही देवेंद्र ने रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य एक निजी कंपनी द्वारा कराया जा रहा था और मृतक एक पेटी ठेकेदार के माध्यम से कार्यरत था। हादसे के बाद पुलिस और संयंत्र सुरक्षा विभाग के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और प्राथमिक जांच शुरू की।

देवेंद्र का शव सेक्टर-9 अस्पताल की मर्च्युरी में रखा गया है। मामले में रविवार को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। घटना के बाद मजदूरों में भारी रोष है और सुरक्षा मानकों का पालन न किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। मजदूरों का कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही आम बात हो गई है, जिसके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।

भिलाई भट्‌टी थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की जानकारी शाम 5 बजे के आसपास मिली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।