नवरात्रि के पहले दिन रीवा में बड़ा हादसा: मंदिर में मधुमक्खियों के हमले से मची अफरा-तफरी, कई घायल

रीवा: जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खड्डा गांव में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन माता के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया. इस हमले में करीब आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9 बजे खड्डा गांव स्थित मां काली के मंदिर में श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंचे थे. मंदिर परिसर में लगे एक विशाल पीपल के पेड़ के नीचे बैठकर कुछ श्रद्धालु हवन कर रहे थे, वहीं महिलाएं माता को जल अर्पित कर रही थीं. इसी दौरान पेड़ पर लगी मधुमक्खियां अचानक भड़क गईं और वहां मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया.
मधुमक्खियों के हमले से मंदिर परिसर में भगदड़ मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इस घटना में राजकुमार पांडे, 10 वर्षीय बालिका नव्या सिंह सहित करीब 6-7 लोग बुरी तरह जख्मी हो गए. स्थानीय लोगों और आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रभारी मंत्री प्रभात शुक्ला की मदद से तत्काल घायलों को संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, राजकुमार पांडे की स्थिति गंभीर बनी हुई है और वे विशेषज्ञों की निगरानी में हैं. वहीं अन्य घायलों का उपचार जारी है. नवरात्रि के पावन पर्व के पहले ही दिन हुई इस अप्रत्याशित घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और श्रद्धालुओं के बीच दहशत का माहौल है.











