गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध धान परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई: 183 बोरी धान जब्त

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही :जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन शुरू होने के साथ ही बिचौलियों और कोंचियों पर जिला प्रशासन का शिकंजा कस गया है.कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी के निर्देश पर गठित राजस्व, खाद्य, कृषि एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश से अवैध रूप से लाए जा रहे 183 बोरी धान (लगभग 80 क्विंटल) को जब्त कर लिया.
टीम को सूचना मिली थी कि ग्राम बचरवार (पेंड्रा) के पास दो पिकअप वाहनों में भारी मात्रा में धान अवैध रूप से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है.मौके पर पहुंची टीम ने वाहन क्रमांक CG-10 AB 5233 एवं CG-31 B 9964 को रोककर तलाशी ली। दोनों वाहनों में कुल 183 बोरी धान भरा हुआ मिला, जिसके कोई वैध दस्तावेज नहीं थे.
जांच में पाया गया कि यह धान मध्यप्रदेश से बिचौलियों द्वारा काला बाजारी के इरादे से लाया जा रहा था.टीम ने तत्काल दोनों वाहनों सहित संपूर्ण धान को जब्त कर लिया.जब्त धान को धान खरीदी केंद्र पेंड्रा के समिति प्रबंधक के सुपुर्द कर दिया गया है.
प्रकरण में छत्तीसगढ़ राज्य कृषि उपज मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि धान खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध भंडारण, परिवहन या काला बाजारी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.








