राजस्थान के इस जिले में हुई ANTF की बड़ी कार्रवाई: एमडी ड्रग्स और 50 हजार रुपये के साथ मां-बेटा गिरफ्तार; कारोबारियों को सख्त चेतावनी

नागौर: जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डेह गांव में दबिश देकर एमडी ड्रग्स और नकदी के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई में टीम ने मां-बेटे को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से अवैध मादक पदार्थ और ड्रग्स बिक्री से अर्जित नकदी बरामद की है.

जानकारी के अनुसार, एएनटीएफ टीम नागौर को आसूचना मिली थी कि डेह गांव में संजय उर्फ पिंटू और जशोदा अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई करते हैं. सूचना की तस्दीक के बाद टीम ने संतोष राम आचार्य के मकान पर दबिश दी. दबिश के दौरान मकान का मुख्य गेट खुला हुआ था और अंदर एक महिला व एक युवक बैठे हुए थे. टीम को देखकर दोनों घबरा गए.

इसके बाद टीम ने मकान की तलाशी ली. तलाशी के दौरान घर के एक कमरे से 27.37 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी तथा अवैध मादक पदार्थ की बिक्री से अर्जित किए गए 50,400 रुपये बरामद हुए. टीम ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

ANTF नागौर प्रभारी इमरान खान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संजय उर्फ पिंटू (23) पुत्र संतोष राम आचार्य निवासी डेह, पुलिस थाना सुरपालिया तथा जशोदा (51) पत्नी संतोष राम आचार्य निवासी डेह को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि आरोपी संजय उर्फ पिंटू के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं. उसके खिलाफ प्रकरण संख्या 72/27.06.2025 धारा 8/21 व 8/29 एनडीपीएस एक्ट पुलिस थाना सदर नागौर तथा प्रकरण संख्या 100/30.11.2024 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट पुलिस थाना कुचेरा में दर्ज है.

संजय उर्फ पिंटू के पिता तथा आरोपी जशोदा के पति संतोष राम आचार्य को भी पूर्व में अवैध मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है और वह वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में है. इस कार्रवाई में एएनटीएफ मुख्यालय जयपुर, एएनटीएफ चौकी नागौर तथा पुलिस थाना सुरपालिया की संयुक्त टीम की विशेष भूमिका रही.

एटीएस एवं एएनटीएफ राजस्थान के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई में शामिल सभी टीमों को एएनटीएफ मुख्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने आमजन से अपील की कि अपराध या अपराधियों से संबंधित कोई भी सूचना एएनटीएफ नियंत्रण कक्ष के नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर दी जा सकती है. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

वहीं एएनटीएफ चौकी नागौर प्रभारी इमरान खान ने जिले में मादक पदार्थों का कारोबार करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि नागौर जिले में ड्रग्स का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जो भी व्यक्ति अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या सप्लाई में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. एएनटीएफ की निगाह ऐसे अपराधियों पर लगातार बनी हुई है और अभियान आगे भी जारी रहेगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com