भगवान शिव पर अभद्र टिप्पणी मामले में बड़ी कार्रवाई : छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल गिरफ्तार

रायपुर, 08 अगस्त 2026
भगवान शिव पर सोशल मीडिया में कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।
जानकारी के मुताबिक, अरुण पन्नालाल की फेसबुक पोस्ट को लेकर शुक्रवार रात विवाद बढ़ गया था। आरोप है कि पोस्ट में भगवान शिव को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। पोस्ट सामने आने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अरुण पन्नालाल के घर का घेराव किया।
इसके बाद भाजपा नेता और प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी सिविल लाइन थाने पहुंचे और मामले में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और बाद में अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया।
अमित चिमनानी ने थाने पहुंचकर कहा कि सावन का पवित्र महीना चल रहा है और ऐसे समय में भगवान शिव को लेकर इस तरह की अभद्र टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि टिप्पणी इतनी आपत्तिजनक है कि उसे सार्वजनिक रूप से दोहराना भी उचित नहीं है, इसलिए रात में ही थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस अब सोशल मीडिया पोस्ट और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











