जशपुर में बड़ा बस हादसा, खाई में गिरी यात्री बस, 2 गंभीर घायल

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सुरंगपानी से पथलगांव जा रही ओम ट्रैवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आई हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सुरंगपानी से पथलगांव जा रही थी बस
मिली जानकारी के अनुसार, ओम ट्रैवल्स की बस मंगलवार सुबह सुरंगपानी से यात्रियों को लेकर पथलगांव के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 15 यात्री सवार थे। बागबहार थाना क्षेत्र के खाडामाचा के पास पहुंचते ही चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
बस के खाई में गिरते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही बागबहार थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
2 यात्रियों की हालत गंभीर
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे में कई यात्रियों को चोटें आई हैं, जबकि दो लोगों को गंभीर चोट लगने की खबर है। उनका इलाज अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में घायलों का उपचार किया जा रहा है।











