रायपुर में हार्डवेयर और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में बड़ी चोरी, छत तोड़कर घुसे चोर 80 हजार का सामान ले उड़े

रायपुर में एक हार्डवेयर और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर दुकान की छत पर लगे टीन और पीओपी को तोड़कर अंदर घुस गया और करीब 80 हजार रुपये कीमत का सामान चोरी कर फरार हो गया। घटना की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।
छत तोड़कर दुकान में घुसा चोर
पीड़ित कारोबारी राहुल डुंडी ने पुलिस को बताया कि वह न्यू राजेंद्र नगर स्थित पवन विहार कॉलोनी का निवासी है और देवपुरी में कृष्णा हार्डवेयर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से दुकान संचालित करता है। 22 जून की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद जब वह अगले दिन सुबह दुकान पहुंचा तो छत का टीन और पीओपी टूटा हुआ मिला तथा दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। जांच में कई मशीनें और अन्य सामान गायब मिले।
80 हजार का सामान चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
चोरी हुए सामान में 8 ग्राइंडर, 5 कटर मशीन, 5 वाइब्रेटर मशीन, 4 ड्रिल मशीन, 2 ब्रेकर मशीन, 40 ब्रास नल, 40 कटर ब्लेड समेत अन्य सामग्री शामिल है। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुआ और आराम से सामान समेटकर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
टिकरापारा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान करने और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है। साथ ही चोरी में इस्तेमाल किए गए तरीके और अन्य संभावित सुरागों की भी जांच की जा रही है।










