जगदलपुर में महिलाओं को निशाना बनाने वाला नकाबपोश झपटमार गिरफ्तार, 9 वारदातों का खुलासा

जगदलपुर। शहर में लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं से लोगों में दहशत फैलाने वाले नकाबपोश युवक को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अब तक शहर में 9 झपटमारी की वारदातों को अंजाम दे चुका था और खासतौर पर महिलाओं व युवतियों को अपना निशाना बनाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से 8 बैग, 3 मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण और करीब 2 लाख 50 हजार रुपए का सामान बरामद किया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
महिलाओं को बनाता था आसान शिकार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राजमन यादव (19) ग्राम कुथर, थाना मारडूम का रहने वाला है। वह बाइक पर नकाब लगाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमता था। सुनसान स्थानों पर बैग लेकर जा रही महिलाओं और युवतियों को देखकर पीछे से तेज रफ्तार बाइक से पहुंचता और झपटमारी कर मौके से फरार हो जाता था। वारदात के बाद वह बैग से नकदी और कीमती सामान निकालकर बैग व मोबाइल फेंक देता था।
लगातार वारदातों के बाद पुलिस हुई अलर्ट
28 जून को सिरहासार चौक के पास एक महिला का पर्स छीनने की घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इसके बाद 2 जुलाई और 5 जुलाई को भी इसी तरह की झपटमारी की घटनाएं सामने आईं। लगातार बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस और साइबर टीम को सक्रिय किया गया तथा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई।
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
6 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध युवक दलपत सागर से पावर हाउस चौक की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने कोतवाली थाना क्षेत्र की 5 और बोधघाट थाना क्षेत्र की 4 समेत कुल 9 झपटमारी की घटनाएं कबूल कर लीं।
मौज-मस्ती के लिए करता था अपराध
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दोस्तों के साथ घूमने-फिरने और खर्च के लिए पैसे जुटाने की नीयत से झपटमारी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से 8 बैग, 3 मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस सहित करीब 2.50 लाख रुपए का सामान बरामद किया है











