रायपुर की 3D फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट: 3 मजदूरों की मौत, कई घायल, ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की आशंका

रायपुर, 07 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री की 3D फैक्ट्री में मंगलवार शाम हुए भीषण ब्लास्ट से बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, विस्फोट इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस, डीसीपी, एडीसीपी नॉर्थ, एसीपी, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज जारी है।

हादसे में लाल सिंह और अरुण पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कमल सिंह ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतक कमल सिंह और लाल सिंह मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के निवासी थे, जबकि अरुण पांडे जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से यह विस्फोट हुआ है। हालांकि, पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है और ब्लास्ट के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं, घटना के समय फैक्ट्री प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं मिला। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com