औरंगाबाद में खलिहान में भीषण आग, चार बीघा पुआल जलकर राख

औरंगाबाद: खलिहान में रखें करीब चार बीघा के पुआल में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पुआल खाक हो गया. मामला कुटुंबा प्रखंड क्षेत्र के बरहेता गांव की है. इस घटना से उस निवासी रामस्वरूप मेहता को पशु चारे की संकट उत्पन्न हो गई है. घटना सोमवार के दोपहर की है.
खलिहान से उठती आग की लपटों और धुएं को देखकर राहगीरों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को इकट्ठा किया. घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने उपलब्ध संसाधनों के आधार पर आग पर काबू पाना चाहा लेकिन पुआल के सुखे डंठलों में आग तेजी से फैलती चली गई और खलिहान के किनारे दो पीपल के पेड़ को चपेट में ले लिया.
ग्रामीणों ने आग को बेकाबू होता देख डायल 112 पर कॉल कर घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलने पर दमकल घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. लेकिन तब तक काफी देर हो चुका था. इस घटना में पुआल जल कर राख हो चुका था.
पीड़ित रामस्वरूप मेहता ने बताया कि आग कैसे लगी, इसका स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है. खलिहान में करीब चार बीघा के फसल का पुआल रखा हुआ था. पुआल जल जाने के कारण मवेशियों के लिए चारे की समस्या उत्पन्न हो जाएगी. उन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है.











