मंत्री केदार कश्यप का दीपक बैज पर तंज:बोले- PCC अध्यक्ष की स्थिति बहुत ही दुखद है, किसी ट्राइबल नेता की न हो ऐसी स्थिति

छ्त्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि, PCC अध्यक्ष की स्थिति बहुत दुखद है। ऐसी स्थिति किसी भी ट्राइबल नेता के साथ न हो ये हमारी कामना है। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता उन्हें अपमानित करते हैं।

केदार कश्यप ने कहा कि, दीपक बैज से पूर्व अध्यक्ष मोहन मरकाम थे। उनके साथ भी इनके वरिष्ठ नेता ऐसी ही हरकत करते थे। उनके साथ भी ऐसा ही होता था। नीचा दिखाने की कोशिश की जाती थी। वंदे मातरम् गीत के 150 साल पूरे होने पर जगदलपुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

मंत्री केदार इसी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत की। केदार कश्यप के इस तंज के बाद PCC अध्यक्ष दीपक बैज से उनकी प्रतिक्रिया लेने कॉल किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

आज का दिन ऐतिहासिक- केदार कश्यप

वहीं मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आज 7 नवंबर को बड़ा ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि वंदे मातरम् गीत के 150 साल पूरे हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश के 150 स्थानों पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जगदलपुर में भी इसका आयोजन हुआ। पूरे देश को एकता के सूत्र में बांधा गया। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि, जब वंदे मातरम् गीत की रचना हुई तो ये गीत नहीं बल्कि आजादी का एक मूलमंत्र था।

आजादी के समय हमारे देश के लोग एक-दूसरे को वंदे मातरम् कहकर अभिवादन करते थे तो पता चल जाता था हमारे देश की स्वतंत्रता की लड़ाई में वे सहयोगी हैं या नहीं। केदार कश्यप ने कहा कि, आने वाली पीढ़ी इस मूलमंत्र को पहचाने। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक वंदे मातरम् ने देशवासियों में राष्ट्र भक्ति, आत्मसम्मान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अद्भुत चेतना जगाई है।यह अमर रचना स्वतंत्रता संग्राम के हर चरण में राष्ट्रप्रेम, आत्मबल और जनजागरण की प्रेरणा बनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वंदे मातरम् की 150 वीं वर्षगांठ हमें राष्ट्रीय एकता, त्याग और कर्तव्य बोध की स्मृति कराता है।