गाली देने पर मिस्त्री की बेरहमी से हत्या, आरोपी ने ईंट-पत्थर और चाकू से किया वार

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गाली देने से नाराज एक युवक ने मिस्त्री की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले हाथ-मुक्के से मारपीट की, फिर ईंट-पत्थर और चाकू से हमला कर मिस्त्री की जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने उसे 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

मामला कांकेर जिले के किलेपार क्षेत्र का है, जहां 54 वर्षीय संतूराम देशमुख की 8 नवंबर को हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही हल्बा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ग्रामीणों से पूछताछ और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कैटिज कुलदीप निवासी किलेपार के रूप में की।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि संतूराम देशमुख ने उसे गाली दी थी, जिससे गुस्से में आकर उसने पहले मारपीट की और फिर ईंट-पत्थर व चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने चाकू को कुएं में फेंक दिया और खून से सने कपड़े अपने घर में छिपा दिए थे। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और कपड़े बरामद कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक संतूराम पिछले एक साल से खेमचंद वर्मा के यहां मिस्त्री का काम कर रहा था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने पहचान मिटाने के लिए मृतक का सिर कुचल दिया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि यह हत्या पूरी तरह आपसी विवाद और गुस्से में की गई वारदात है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी शराब के नशे में था और संतूराम से पहले भी कई बार झगड़ा कर चुका था।