छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून, 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट; ओडिशा में बिजली गिरने से 2 महिलाओं की मौत

रायपुर, छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। 1 जून से 12 अगस्त 2026 तक प्रदेश में 665.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 720.9 मिमी होनी चाहिए थी। इस तरह अब तक 55.6 मिमी यानी 8 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार
रायपुर में 13 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में रायपुर और दुर्ग में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अब तक 945.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 61 प्रतिशत अधिक है। यह प्रदेश में सामान्य से सबसे ज्यादा अतिरिक्त बारिश वाला जिला रहा।
ओडिशा में बिजली गिरने से जशपुर की दो महिलाओं की मौत
मंगलवार को ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में धान की रोपाई के दौरान बिजली गिरने से जशपुर की दो महिला मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान तुमला थाना क्षेत्र की रहने वाली चंपा तिर्की (28) और सुशीला तिर्की (26) के रूप में हुई है।
हादसे के दौरान 20 से ज्यादा मजदूरों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को सबडेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।











