मानसून होगा और सक्रिय, 7 दिन गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट; बलरामपुर में दो युवकों की मौत

छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर सकता है। वहीं आगामी सात दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इस बीच बलरामपुर जिले में बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई।
बिजली गिरने से दो युवकों की मौत, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र के कंदरी गांव में बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े दो युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले कुछ दिनों में पूरे प्रदेश में पहुंचेगा मानसून
मानसून फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पहुंच चुका है। रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कांकेर और अन्य जिलों में इसकी सक्रियता बनी हुई है। सरगुजा, जशपुर, कोरिया, कोरबा, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और रायगढ़ समेत शेष जिलों में अगले 48 घंटे से चार दिनों के भीतर मानसून के पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने 27 जून से बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने का अनुमान जताया है।
कई जिलों में सामान्य से कम बारिश, खरीफ की बुवाई पर असर
मानसून की दस्तक के बावजूद प्रदेश के अधिकांश जिलों में अब तक सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है। राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-चौकी, बलौदाबाजार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सक्ती जैसे जिलों में बारिश की कमी 80 प्रतिशत से अधिक रही है। रायपुर, धमतरी, दुर्ग और महासमुंद में भी सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि खरीफ सीजन के लिए अगले 10 दिन बेहद महत्वपूर्ण होंगे, क्योंकि पर्याप्त बारिश होने पर ही खेतों में बुवाई के लिए आवश्यक नमी बन सकेगी। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ में घने बादल सक्रिय हैं, जबकि मध्य क्षेत्र में भी नमी बढ़ रही है, जिससे आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की संभावना है।











