राजस्थान- 48 घंटे में पहुंचेगा मानसून, 24 जिलों में अलर्ट:3 दिन तक अंधड़ की भी चेतावनी, जुलाई में सामान्य से कम बरसात की आशंका

राजस्थान में इस साल साल मानसून 8 दिन की देरी से अगले 48 घंटे में पहुंचने की संभावना है। एक्सपर्ट का दावा है कि 13 साल में ये तीसरा मौका है, जब मानसून जुलाई में एंट्री करेगा।
इसके प्रभाव से कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि 6 जुलाई तक राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है।
इस साल जुलाई महीने में राज्य में सामान्य से काफी कम बारिश होने की आशंका है। मानसून के पहुंचने से पहले आज भी 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। अगले तीन दिन अंधड़ की भी चेतावनी जारी की गई है।
पूर्वी हिस्से से एंट्री की संभावना: मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 2 या 3 जुलाई को मानसून प्रवेश कर सकता है। इसके प्रभाव से उदयपुर, कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में 2 जुलाई से ही आंधी-बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी।
बीकानेर संभाग में अंधड़ की चेतावनी: बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर जिलों में 2 से 4 जुलाई के बीच अंधड़ आ सकता है। इस दौरान 50-60 Km प्रतिघंटा या उससे ज्यादा की स्पीड से हवा चलने के साथ धूल का बवंडर भी आ सकता है। इस दौरान इन एरिया के साथ-साथ जोधपुर, फलोदी, जालोर के एरिया में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
दिनभर तेज धूप-उमस, लेकिन तापमान में गिरावट: पिछले 24 घंटे की स्थिति देखें तो कोटा, उदयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों को छोड़कर शेष राज्य में मौसम ड्राय रहा। बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, अजमेर संभाग के सभी जिलों में दिनभर धूप, उमस रही। हालांकि इस बीच कुछ जगह हवाएं चलने से तापमान में थोड़ी गिरावट हुई।
कोटा में एक इंच बरसात: कोटा, उदयपुर, भरतपुर संभाग के एरिया में मंगलवार को हल्की बारिश हुई। कोटा के मंडाना में 30MM, पीपल्दा में 9, झालावाड़ के बाकनी में 13, धौलपुर के बसेड़ी में 12, बारां के किशनगंज में 14MM बरसात दर्ज हुई।











