मुरादाबाद की ‘रिवॉल्वर रानी’ गिरफ्तार, बाजार में बंदूक लहराना पड़ा भारी

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जो बाजार में देसी बंदूक लहराती हुई वायरल वीडियो में नजर आई थी। पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लेकर कार्रवाई की और महिला के पास से अवैध हथियार जब्त किया।
घटना मैनाठेर थाना क्षेत्र के ताहरपुर गांव की बताई जा रही है। पुलिस को 25 जनवरी को जानकारी मिली कि ताहरपुर बाजार में महिला बंदूक लेकर घूम रही थी। किसी राहगीर ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया, जो तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस ने महिला को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के पास बंदूक कहां से आई और उसने इसे बाजार में लहराने का उद्देश्य क्या था। एसपी देहात मुरादाबाद कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि महिला के पास से एक देसी बंदूक बरामद हुई है और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।











