चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला, ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur से लगे Abhanpur क्षेत्र के बेंद्री इलाके में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। धमतरी से रायपुर आ रही महेंद्र ट्रेवल्स की एक चलती स्लीपर बस में अचानक आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जब Bendri के पास पहुंची, तभी अचानक वाहन से धुआं निकलना शुरू हो गया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और बिना देर किए यात्रियों को नीचे उतारना शुरू कर दिया। चालक और परिचालक की सतर्कता के चलते बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कुछ ही मिनटों में बस में फैल गई आग
यात्रियों के नीचे उतरते ही कुछ ही मिनटों में बस के भीतर आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते लपटों ने बस के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग बढ़ने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई यात्री अपना सामान तक बस में छोड़कर जान बचाने के लिए बाहर भागे।
जगदलपुर नेशनल हाईवे पर हुआ हादसा
Jagdalpur National Highway पर हुई इस घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस बुरी तरह जल चुकी थी।











