सांसद विजय बघेल ने दो IAS अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप, लोकसभा अध्यक्ष से विशेषाधिकार हनन की शिकायत

दुर्ग के सांसद विजय बघेल ने भिलाई नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त राजीव कुमार पांडेय और भिलाई-चरोदा नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त डीएस राजपूत के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष को विशेषाधिकार हनन की शिकायत भेजी है। सांसद का आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा की, जरूरी सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराईं और जनहित से जुड़े मामलों में सहयोग नहीं किया। शिकायत के बाद लोकसभा सचिवालय ने राज्य शासन से इस मामले में जवाब तलब किया है।

बिना टेंडर कार्य और जानकारी नहीं देने का आरोप

विजय बघेल का कहना है कि नगर निगमों में कई विकास कार्य बिना निर्धारित टेंडर प्रक्रिया पूरी किए शुरू किए गए और बाद में भुगतान भी कर दिया गया। इसके बाद औपचारिक रूप से टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई। सांसद ने आरोप लगाया कि इन मामलों की जानकारी मांगने पर अधिकारियों ने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार फोन करने के बावजूद अधिकारियों ने कॉल तक रिसीव नहीं किए। सांसद के अनुसार, केंद्र सरकार की योजनाओं, स्वच्छता अभियान और 15वें वित्त आयोग की राशि से जुड़े कार्यों में भी अनियमितताओं के आरोप हैं।

लोकसभा सचिवालय ने मांगा जवाब

सांसद ने बताया कि उन्होंने 18 मई को पूरे मामले की शिकायत लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर की थी और इसे सांसद के विशेषाधिकारों से जुड़ा विषय बताया था। शिकायत मिलने के बाद लोकसभा सचिवालय ने राज्य शासन से तथ्यात्मक रिपोर्ट और जवाब मांगा है। विजय बघेल का कहना है कि नगर निगम के कार्यों को लेकर पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं और कई पार्षद भी अधिकारियों के रवैये से असंतुष्ट रहे हैं। अब इस मामले में राज्य शासन और संबंधित अधिकारियों के जवाब के बाद आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर रहेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com