रेल महाप्रबंधक के साथ सांसदों की बैठक आज, फैसिलिटी और योजनाओं पर होगी बात

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले संसदीय क्षेत्रों के माननीय सांसदों की बैठक आज 17 फरवरी 2026, मंगलवार को रायपुर रेल मंडल में आयोजित की जाएगी। यह बैठक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के साथ होगी।

जिसमें क्षेत्र से जुड़ी रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा किए जाने की संभावना है। रायपुर मंडल में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महेश कश्यप, भोजराज नाग और रूपकुमारी चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।

बैठक के दौरान सांसद अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं को रेलवे प्रशासन के समक्ष रखेंगे। बैठक में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के साथ मंडल रेल प्रबंधक रायपुर दयानंद, बिलासपुर मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष और रायपुर रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

यह बैठक मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में दोपहर 1.30 बजे शुरू होगी, जहां रायपुर मंडल में रेल सेवाओं को और बेहतर बनाने को लेकर अहम सुझावों और प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।

पिछली बैठक में अनदेखी पर सांसद ने जताई थी नाराजगी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) रायपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले संसदीय क्षेत्रों के सांसदों की पिछली बैठक में सांसदों ने एक सुर में यह शिकायत रखी कि स्थानीय स्तर पर रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से नहीं लेते।

इस मुद्दे पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि उनकी ओर से औपचारिक शिकायत की जाती है, तो संबंधित रेलवे अधिकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

शिकायत: रेल लाइन के अलाइनमेंट को लेकर सांसदों से चर्चा

अग्रवाल ने यह भी कहा कि रेल मंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद नई रेल लाइन के अलाइनमेंट को लेकर सांसदों से चर्चा नहीं की जा रही है, जो एक गलत प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि अलाइनमेंट जैसे संवेदनशील मामलों में आपसी संवाद के जरिए समाधान निकाला जाना चाहिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की समस्या न हो।

बैठक में इसके अलावा ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने, स्पोर्ट्स कोटा के तहत रेलवे में भर्ती और अन्य क्षेत्रीय मांगों को भी सांसदों ने रखी थी। सांसदों ने अपेक्षा जताई कि रेलवे प्रशासन जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर विकास कार्यों को गति देगा और यात्रियों की सुविधाओं में ठोस सुधार करेगा।

close