मुंगेली कलेक्टर ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा की, 4 सीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश

मुंगेली कलेक्टर कुन्दन कुमार ने शुक्रवार को जिला कलेक्टोरेट के एनआईसी कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची में सुधार कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह कार्य चुनाव आयोग की प्राथमिकता में है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कुछ नगरीय निकायों में प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए चार नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (CMO) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि पात्र नागरिकों के नाम सूची में जोड़ने, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और त्रुटियों को ठीक करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी सभी गतिविधियों की सतत निगरानी करने, समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और फील्ड टीमों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए।
कुन्दन कुमार ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का मताधिकार सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, इसलिए हर अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे। साथ ही उन्होंने ब्लॉक और वार्ड स्तर पर आयोजित किए जा रहे विशेष शिविरों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर आगे भी किसी स्तर पर लापरवाही मिली, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में निर्वाचन विभाग के अधिकारी, एसडीएम और विभिन्न नगरीय निकायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।










