मुंगेली पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को भोपाल से पकड़ा, शादी का झांसा देकर किया था शोषण

मुंगेली पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के एक आरोपी को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उमेश उर्फ विक्की राय (19) के रूप में हुई है, जिस पर 16 वर्षीय लड़की को शादी का झांसा देकर भगाने और उसके साथ लगातार शारीरिक शोषण करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, जिले में गुमशुदा बालिकाओं की बरामदगी और महिला अपराधों के निवारण के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत यह कार्रवाई की गई। 29 अक्टूबर को मुंगेली थाने में दर्ज एक शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया था कि 26 अक्टूबर को उनकी 16 वर्षीय बेटी को कोई अज्ञात युवक बहला-फुसलाकर ले गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम को भोपाल भेजा गया। 8 नवंबर को टीम ने भोपाल के अवधपुरी थाना क्षेत्र की रॉयल क्रिस्टल कॉलोनी स्थित एक झोपड़ी से नाबालिग को सकुशल बरामद किया और आरोपी को भी वहीं से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर लगातार उसका दैहिक शोषण किया। मेडिकल जांच और बयान में भी इस बात की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87, 64(1), 64(2)(ड) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी उमेश उर्फ विक्की राय, नवागांव घुठेरा (थाना सिटी कोतवाली मुंगेली) का निवासी है। उसे विधिवत गिरफ्तार कर 10 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा है कि महिला एवं नाबालिगों से संबंधित अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











