नागौर : नशा तस्करों की चाल फेल: मिर्ची के नाम पर हो रही थी करोड़ों की तस्करी, आरोपी गिरफ्तार

नागौर :  जिले में नशे के खिलाफ छेड़े गए ऑपरेशन संकल्प के तहत पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए ड्रग तस्करों की शातिर चाल को नाकाम कर दिया.डेगाना थाना क्षेत्र के चौखा की ढाणी, खुड़ी कलां में दबिश देकर पुलिस ने मिर्ची की थैली में छिपाकर रखी गई करीब 979 ग्राम एमडी (MD) ड्रग्स बरामद की, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है.

इस सनसनीखेज कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी श्रवण राम विश्नोई को गिरफ्तार किया है.पूरी कार्रवाई डेगाना थानाधिकारी हरीश सांखला और जिला स्पेशल टीम के विजय सिंह के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर अंजाम दी गई.

नव नियुक्त एसपी रोशन मीणा के कार्यभार संभालने के बाद नागौर पुलिस में साफ तौर पर नई सक्रियता देखने को मिल रही है.लगातार एक के बाद एक ताबड़तोड़ कार्रवाई कर पुलिस नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मचा हुआ है.

नागौर एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी रोशन मीणा ने खुलासा करते हुए बताया कि “नशे के खिलाफ ऑपरेशन संकल्प के तहत जिलेभर में लगातार सख्त कार्रवाई जारी है.डेगाना में की गई यह कार्रवाई उसी कड़ी का हिस्सा है.पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और इसमें शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.नागौर को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा.

गौरतलब है कि पिछले तीन दिनों में ही पुलिस ने खींवसर, मूंडवा और नागौर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए स्मैक, एमडी और अवैध डोडा पोस्त भी बरामद किया है, साथ ही फसल की आड़ में डोडा पोस्त की खेती करने वालों को भी गिरफ्तार किया गया है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close