नीमच पुलिस का एक्शन, कार से 75 किलो अवैध डोडाचूरा किया बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

नीमच: मध्यप्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस आरोपियों को दबोचकर सलाखों के बीच भेज रही है। इसी बीच, नीमच जिले में नयागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुये एक फोर्ड कार से 75 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। साथ ही पुलिस ने दो आरोपियों को भी दबोचा है। जब्त किये मादक पदार्थ और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 9 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

बता दें कि पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत जावद थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में चौकी नयागांव पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की है।

पुलिस टीम द्वारा चार खम्बा चौराहा गोठा गुठलाई रोड स्कूल के पास बैरिकेडिंग कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान वहां आई एक फोर्ड कार (क्रमांक HR 08 Y 1201) के चालक ने पुलिस की नाकाबंदी देखकर कार को भागनेे का प्रयास करने लगे।

कार से 75 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद

बता दें कि संदिग्धों ने जैसे ही भागने का प्रयास किया तब पुलिस को कुछ शक हुआ। इसके बाद पुलिस की टीम ने तत्काल ही घेराबंदी कर कार को रोका और सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। पुलिस को तलाशी के दौरान कार के भीतर 7 कट्टों में 15-15 किलोग्राम के हिसाब से कुल 75 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

जानकारी अनुसार, पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल 8 लाख रुपये कीमत की एक फोर्ड कार को भी जब्त कर लिया है। वहीं, पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम भंवरदास पिता बंशीदास बैरागी (45), राजस्थान तथा उसके साथी ने अपना नाम लालाराम पिता रामलाल गुर्जर (31), नीमच बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से डोडाचूरा के आपूर्ति स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close